एसके इंडिया न्यूज़ की खबर का हुआ असर: शारीरिक तापमान को जांचने के लिए महराजगंज तहसील आया थर्मल स्केनर।। Raebareli news ।।

प्रशासन की चाक-चौबंद व्यवस्था जो आज देखी, इससे अधिवक्ताओं और कर्मचारियों ने राहत की सांस ली
रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: तहसील मुख्यालय पर रोजाना उमड़ रही भारी भीड़ से कोरोना बम फूटने की आशंका के तहत एसके इंडिया न्यूज़ में छपी खबर का असर अधिकारियों पर पड़ा। जबकि आवागमन के लिए एकमात्र खुले द्वार पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था कर दी गई है। अनावश्यक आने वालों को गेट के बाहर ही रोक दिया गया, साथ ही परिसर में मात्र अधिकारियों के वाहनों को ही प्रवेश की अनुमति दी गई है। इसके अलावा कर्मचारियों तक के दो पहिया या चार पहिया वाहनों को गेट के अंदर प्रवेश नहीं करने दिया गया।
     आपको बता दें कि, तहसीलदार विनोद कुमार सिंह ने तहसील परिसर का भ्रमण करके लोगों को चेतावनी दी, कि जिन दस्तावेज लेखकों या मुंशियों के बस्ते पर अनावश्यक भीड़ देखी गई या सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन करते हुए पाया गया, तो उनके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्यवाही की जाएगी। इसके चलते ही तहसील परिसर में आज भीड़ भाड़ कम दिखी, और अधिकतर लोगों के चेहरों पर मास्क लगे दिखे। वहीं सभी कार्यालयों में बांकायदे रस्सियां बांधकर अनावश्यक लोगों के प्रवेश को भी प्रतिबंधित कर दिया गया है।
     तहसीलदार के निर्देशानुसार इंतखाब खतौनी के कंप्यूटरीकृत केंद्र पर भी सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए लोगों को खतौनी जारी करने का निर्देश दिया गया। इससे लोगों में काफी जागरूकता देखी गई। तहसील प्रशासन की सख्ती को देखते हुए तहसील परिसर के पूर्वी हिस्से पर बड़ी तादाद में अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और वादकारियों की
गाड़ियों, मोटरसाइकिलों और चार पहिया वाहनों का जमघट लगा रहा। जिससे महराजगंज हैदर गढ़ रोड पर कई बार जाम की स्थिति भी बन गई। हालत यह हुई कि, कोतवाल अरुण कुमार सिंह को जाम खुलवाने के लिए खुद मोर्चा संभालना पड़ा।
       प्रशासन की चाक-चौबंद व्यवस्था जो आज देखी, इससे अधिवक्ताओं और कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। वहीं मंगलवार के दिन लेखपालों की हाजिरी का दिन होता है। जिसके तहत कल के लिए भी प्रशासनिक स्तर पर सतर्कता बढ़ाई जाएगी। 
     वहीं तहसीलदार ने बताया कि, जिला मुख्यालय से तहसील के अंदर आने वाले लोगों के शारीरिक तापमान को जांचने के लिए थर्मल स्केनर भी आया है। जिसका उपयोग करने के लिए कर्मचारी तैनात कर दिए गए हैं। अब यहां आने वाले हर व्यक्ति का तापमान जांचने के बाद ही उसे परिसर में प्रवेश दिया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ