उपमुख्यमंत्री के जनपद आगमन पर पूर्व विधायकों और पूर्व जिला अध्यक्षों को भी भेजा जाएगा आमंत्रण।। Raebareli news ।।

 



रजनीकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय परिषद सदस्य एवं पूर्व एमएलसी राजा राकेश प्रताप सिंह और पूर्व विधायक राजाराम त्यागी ने प्रदेश के उपमुख्यमंत्री व रायबरेली जनपद के प्रभारी दिनेश शर्मा से मिलकर जिले की तमाम ज्वलंत समस्याओं से उप मुख्यमंत्री को अवगत कराया। वहीं उन्होंने उप मुख्यमंत्री की विगत दिनों रायबरेली जिले में आगमन के दौरान वरिष्ठ नेताओं और पूर्व विधायकों को उनके आगमन की सूचना न दिए जाने पर नाराजगी जताई। जिस पर उपमुख्यमंत्री ने नेता द्वय को आश्वस्त किया कि, भविष्य में उनके रायबरेली जिले में आने के कार्यक्रम के बारे में सभी पूर्व जिला अध्यक्षों और पूर्व विधायकों तथा पूर्व एमएलसी को अवश्य अवगत कराया जाएगा। उन्होंने अपने कार्यालय के संबंधित अधिकारी को तलब कर इस बात के निर्देश दिए।

   आपको बता दें कि, पूर्व एमएलसी श्री सिंह ने उपमुख्यमंत्री को बताया था कि, उनके आगमन की सूचना पार्टी के पूर्व विधायक को व पूर्व एमएलसी समेत वरिष्ठ पदाधिकारियों को नहीं दी जाती है। जिससे वे लोग जनसमस्याओं को उनके सामने रखने से वंचित रह जाते हैं। इसके अलावा नेता द्वय ने क्षेत्र की तमाम समस्याओं जैसे नहरों के पुनरुद्धार, ग्रामीण क्षेत्रों में बदहाल हुई कई सड़कों की मरम्मत के साथ-साथ शिवगढ़ को नगर पंचायत का दर्जा दिलाए जाने के साथ-साथ पात्र व्यक्तियों को आवास का लाभ दिलाने सहित कई समस्याएं उप मुख्यमंत्री के सामने रखी। उस पर उप मुख्यमंत्री ने सहमति जताते हुए, यह निर्देश दिया कि, जनपद रायबरेली भ्रमण के कार्यक्रम तय होने के साथ ही भाजपा से जुड़े सभी पूर्व विधायकों और पूर्व एमएलसी के साथ-साथ सभी पूर्व जिला अध्यक्षों को भी अवगत कराया जाए। इसके साथ अन्य जन समस्याओं के बारे में भी उन्होंने शीघ्र ही विचार कर यथोचित कार्यवाही करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ