ईटों से लदे ट्रैक्टरट्राली व पिकअप की भिड़ंत में एक मजदूर की मौत।। Raebareli news ।।

 

रजनीकांत अवस्थी

बछरावां/रायबरेली: ईटों से लदे ट्रैक्टर ट्राली व पिकअप की भिड़ंत में एक मजदूर की मौत हो गई। घटनाक्रम के अनुसार सुशील ब्रिक फील्ड मैंडोली का एक ट्रैक्टर यूपी 32 एनएन 4084  ईटों से लदा पश्चिम गांव सरोरा बाईपास के रास्ते लखनऊ की ओर जा रहा था। जैसे ही उसका ट्रैक्टर सरौरा गांव के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रही पिकअप से टकरा गया। परिणाम स्वरूप  ट्रैक्टर पर बैठा मजदूर मोहित कुमार पुत्र जगत कुमार निवासी पुरे गुलाब राय थाना खीरों उम्र 22 वर्ष उछल कर नीचे आ गिरा और टायर के नीचे आ गया। किससे उसकी मौत हो गई।




    आपको बता दें कि, हादसा होते ही दोनों ड्राइवर वाहन छोड़कर फरार हो गए। ट्रैक्टर चालक होरीलाल ने मृतक मजदूर की हालत देखना भी मुनासिब नहीं समझा। दुर्घटनाग्रस्त पिकअप अदरक लादकर लालगंज की ओर जा रहा था। घटनास्थल पर ईटों से लदी ट्राली को देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा है कि, कृषि कार्य में प्रयुक्त होने वाले इन ट्रैक्टर ट्राली से भट्ठा मालिकों द्वारा पूरी तरह ट्रक का कार्य लिया जा रहा है, और ढाई हजार से लेकर 3000 तक ईटे लादकर रात के अंधेरे में लखनऊ तथा दिन में क्षेत्र के अंदर आपूर्ति की जा रही है। आलम यह है कि, ट्राली पर भार अधिक होने के कारण कभी-कभी यह ट्रैक्टर आगे से उछलकर खड़े हो जाते हैं, और दुर्घटना का सबब बनते है। इतना ही नहीं ईटों को उतारने के लिए यह ट्रैक्टर चालक आगे मजदूर भी बिठा लेते हैं। मौजूदा दुर्घटना में यही स्थिति मजदूर की मौत का कारण बनी।




    रात लगभग 4:00 बजे हुई इस दुर्घटना के कारण बाईपास पर दोनों तरफ मीलो लंबा जाम लग रहा। सूचना पाकर मौके पर पहुंची बछरावां पुलिस की कड़ी मशक्कत और थाना अध्यक्ष राकेश सिंह की सूजबूझ के चलते किसी तरह जाम हटवाया गया, तब जाकर आवागमन बहाल हो सका। थाना अध्यक्ष राकेश सिंह ने बताया कि, फिलहाल मृतक की लाश को पोस्टमार्टम हेतु भेजा जा रहा है। तहरीर मिलने के बाद आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। पुलिस द्वारा दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया  है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ