मोदी और योगी सरकार से उठ रहा लोगों का भरोसा-संत कमलेश चंद्र अवस्थी।। Raebareli news ।।

 



वर्ष 1979 में पूर्व प्रधानमंत्री स्व0 इंदिरा गांधी को काला झंडा दिखाने वाला शख्स भाजपा को पानी पी पीकर कोस रहा है।

रजनीकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: साधन सहकारी समितियों में रवि के फसल की बुवाई के दौरान भी उर्वरकों के उपलब्ध ना होने पर किसानों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इनमें वे लोग भी मुखर हो रहे हैं, जो जनसंघ के जमाने से भाजपा समर्थक होने का दावा करते रहे हैं। इन्हीं में से एक मऊ गांव के रहने वाले साधु वेश धारी कमलेश चंद्र अवस्थी ने न केवल मोदी और योगी की सरकारों को पूर्णता विफल बताते हुए दोनों सरकारों की जमकर बखिया उधेड़ी, और यहां तक दावा कर दिया कि, यही हालात रहे, तो आगामी चुनाव में ना मोदी जीतेंगे और ना ही योगी जीतेंगे। श्री अवस्थी आज मऊ बाजार में मीडिया से मुखातिब थे।

    आपको बता दें कि, वर्ष 78, 79 में रायबरेली के मऊ गांव में स्थित महबूबगंज मैदान में जनसभा को संबोधित करने आई पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी को भरी जनसभा के बीच खड़े होकर काला झंडा दिखाने वाले कमलेश चंद्र अवस्थी तभी सुर्खियों में आए थे, बताया जाता है कि, वह जनसंघ के मुखर समर्थक थे। इसके बाद उन्होंने लगातार जनसंघ और बाद में भाजपा समर्थक होने का दावा किया है। पत्रकारों से बातचीत में वही कमलेश चंद्र अवस्थी, जो अब साधु वेश में हो गए हैं, भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकारों के खिलाफ हो गए हैं।

     उनका आरोप है कि, मोदी और योगी की सरकारों में जनता के हित में कोई काम नहीं हुआ, सड़कों की दशा खराब है, गांवों में खड़ंजा नहीं है, गरीबों को कॉलोनिया नहीं मिली, साथ ही पेयजल की भी गंभीर समस्या है। इसके अलावा बिजली का संकट बना रहता है। गांव में चुनिंदा लोगों को छोड़ गांव के गांवों में अंधेरा गुंप रहता है। सिर्फ चंद लोगों के यहां ही सोलर लाइटें लगवाई गई है। हर काम में भाई भतीजावाद व भ्रष्टाचार हावी है। मोदी को विदेश यात्राओं से फुर्सत नहीं है। वहीं योगीराज में ब्रह्मणों का कत्लेआम किया जा रहा है। निरीह और कमजोर लोगों का उत्पीड़न हो रहा है।

     सबसे बड़ी समस्या किसानों के सामने है। एक ओर सरकारी खरीद केंद्रों पर किसानों का धान नहीं खरीदा जा रहा है। किसान पौने मूल्य पर धान बेचने को मजबूर है। बिचौलियों ने हर सेंटर पर कब्जा कर रखा है। वहीं रबी की फसल की बुवाई के लिए खेत तैयार पड़े हुए हैं। साधन सहकारी समितियों के साथ-साथ बाजारों में डीएपी मौजूद नहीं है। वहीं चोरी चुपके खाद के तस्कर डेढ़ और दोगुने दामों पर खाद बेच रहे हैं। किसानों की कोई सुनने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि, उनके तजुर्बे में मोदी और योगी की सरकार इतिहास के सबसे निकम्मी और बेकार की सरकार साबित हुई है। आगामी चुनाव में इन सरकारों का वापस सत्ता में लौटना असंभव है।

    जब श्री अवस्थी से पूछा गया कि, आपके गांव में भी सत्ता पार्टी के दिग्गज नेता मौजूद है। आप उनसे क्यों नहीं शिकायत करते, तो उन्होंने हंसते हुए कहा कि, उनके गांव में जो भी नेता रह रहे हैं, वह सब कागजी शेर हैं। इनका कोई अस्तित्व नहीं है। आगामी राजनीतिक परिदृश्य के बारे में क्या संभावनाएं हैं, यह पूछने पर उन्होंने कहा कि, योगी और मोदी सरकार का यही रवैया रहा, तो निश्चित रूप से अब जनता कांग्रेस की ओर झुकने का प्रयास कर रही है। फिलहाल मोदी और योगी के ऊपर से जनता का भरोसा उठ गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ