भाजपा नेताओं ने केजरीवाल सरकार के खिलाफ विभिन्न इलाकों में किया प्रदर्शन।। New Delhi News।।

कमल सिंह राठौर

नयी दिल्ली: भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अरविंद केजरीवाल सरकार के खिलाफ रविवार को दिल्ली के विभिन्न इलाकों में प्रदर्शन किया, और पार्टी शासित निगमों की पूर्ण बकाया राशि जारी करने की मांग की। पटेल नगर सहित दिल्ली के सभी क्षेत्र में प्रदर्शन करते हुए प्रदेश भाजपा प्रमुख आदेश गुप्ता ने कहा कि, पार्टी तब तक पीछे नहीं हटेगी, जब तक केजरीवाल तीनों निगमों का 13 हजार करोड़ रुपये का बकाया नहीं दे देते है।

   आपको बता दें कि, भाजपा शासित तीनों- उत्तर, दक्षिण और पूर्वी-दिल्ली नगर निगमों के महापौर और नेता, करीब एक हफ्ते से मुख्यमंत्री आवास के बाहर बेमियादी धरने पर बैठे हैं। प्रदर्शन में मौजूद वेस्ट पटेल नगर के निगम पार्षद रमेश कुमार ने भी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि, भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में प्रदर्शन के जरिए बकाया राशि के भुगतान की मांग की है। इसी कड़ी में दिल्ली एससी मोर्चा के पूर्व उपाध्यक्ष नरेश कुमार ने भी प्रदर्शन में हिस्सा लिया।

     वहीं आम आदमी पार्टी ने कहा है कि, निगमों की सभी बकाया राशि का भुगतान किया जा चुका है, और आरोप लगाया है कि, भाजपा नेताओं का भ्रष्टाचार और अक्षमता, आर्थिक गड़बड़ी के लिए जिम्मेदार है। इस मौके पर बड़ी संख्या में पटेल नगर सहित आसपास इलाकों के भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ