रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय परिषद सदस्य और पूर्व एमएलसी राजा राकेश प्रताप सिंह ने पार्टी नेतृत्व द्वारा जारी दिशानिर्देशों के क्रम में आज शिवगढ़ मंडल के बसंतपुर, सकतपुर, सीवन, राजापुर गांव का दौरा करके पार्टी द्वारा आयोजित की गई चौपालों में हिस्सा लिया, और कार्यकर्ताओं का आवाहन किया कि, वह निरंतर आम जनता के बीच जाकर जनता की समस्याओं को जाने और संगठन को उन समस्याओं के बारे में समय-समय पर अवगत कराते रहें। साथ ही केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा किसानों, गरीबों, महिलाओं तथा समाज के गरीब और कमजोर वर्गों के कल्याणार्थ चलाई आ रही विभिन्न योजनाओं के बारे में भी जानकारी देते रहे, ताकि आम जनता विपक्षी दलों द्वारा फैलाई जा रही अफवाहों के बारे में जागरूक रहें।
आपको बता दें कि, बसंतपुर सकतपुर बाजार में आयोजित चौपाल में उन्होंने कहा कि, सरकार निरंतर गांव के विकास के लिए काम कर रही है। उन्होंने यह भी बताया कि, क्षेत्र में जितने खस्ताहाल संपर्क मार्ग हैं। उनके पुनरुद्धार के लिए जो प्रस्ताव भेजे गए थे, उन को मंजूरी मिल गई है। अब किसी भी गांव का कोई संपर्क मार्ग अधूरा नहीं रहेगा। उन्होंने भारत सरकार द्वारा प्रधानमंत्री आवास, उज्जवला गैस, नए कृषि कानून, महिला सशक्तिकरण योजना, गांवों में विद्यालयों का पुनरुद्धार जैसी तमाम योजनाओं के बारे में लोगों को बताया, और कहा कि, पहली बार नहरों में पूरी क्षमता से पानी छोड़ा जा रहा है। यहां मौजूद कुछ किसानों द्वारा छुट्टा मवेशियों की समस्या उठाई गई, तो उन्होंने कहा कि, इसका प्रबंध शीघ्र ही किया जाएगा। इसके अलावा राशन कार्डो के संबंध में भी कुछ ग्रामीणों द्वारा समस्या उठाई गई, तो उन्होंने कहा कि, इसको हल कराया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन मंडल अध्यक्ष डॉ जीबी सिंह ने किया। इस मौके पर पूर्व विधायक राजाराम त्यागी, पूर्व मंडल अध्यक्ष रामबाबू तिवारी, वार्ड संयोजक मुन्ना दुबेदी के अलावा बड़ी तादाद में लोग मौजूद रहे।
इसी क्रम में उन्होंने सीवन गांव में भी किसान चौपाल लगाई, और लोगों की समस्याएं सुनी। उन्होंने कहा कि, भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी है। यह पार्टी जनमत के आधार पर चलती है। भाजपा वंशवाद, परिवारवाद तथा पूंजीवाद से नहीं चलती है। उन्होंने कहा कि, भाजपा में कार्यकर्ता ही सर्वोपरि है।
पार्टी की उपलब्धियों के बारे में उन्होंने बताया कि, सैकड़ों वर्ष का संघर्ष समाप्त करके पार्टी ने श्री राम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त कराया, धारा 370 हटा कर कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बनाया, आतंक वाद पर लगाम लगाई जा रही है। भारत को आंख उठाने वाले चीन और पाकिस्तान को उन्हीं की भाषा में कड़ा जवाब दिया गया। इसके अलावा पड़ोसी देशों नेपाल, बांग्लादेश, भूटान, श्रीलंका, अफगानिस्तान आदि देशों से बेहतर संबंध बनाएं। आर्थिक मोर्चों पर भी पार्टी ने बेहतर काम किया है। सबसे बड़ी खासियत यह रही कि, विश्व की सबसे बड़ी समस्या कोविड-19 के खिलाफ नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने सबसे प्रभावी ढंग से नियंत्रण पाया है।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक राजाराम त्यागी ने भी संबोधित करते हुए कहा कि, हर गरीब के चेहरे पर मुस्कान लाना हर पीड़ित को न्याय दिलाना विकास के रास्ते पर गांव देहातों को सशक्त ढंग से लाना यह भाजपा की कामयाबी है। इस मौके पर दिलीप कुमार तिवारी, बबलू सिंह, पूर्व प्रधान राम नारायण मौर्य समेत बड़ी तादात में लोग मौजूद रहे।
इसके अलावा पूर्व एमएलसी राजा राकेश प्रताप सिंह, पूर्व विधायक राजाराम त्यागी क्षेत्र के राजापुर गांव ही पहुंचे, और वहां भी जनता और किसानों से सीधा संवाद किया। इसके उपरांत पूर्व एमएलसी राजा राकेश प्रताप सिंह व श्री त्यागी जिला सहकारी बैंक के पूर्व शाखा प्रबंधक शिव कुमार शुक्ला के आवास पर उनकी पत्नी के निधन पर शोक जताने पहुंचे। यहां से उन्होंने सिकंदरपुर में भाजपा जिला उपाध्यक्ष जन्मेजय सिंह के आवास पर उनके दादा जगदीश सिंह पूर्व शिक्षक के निधन पर शोक श्रद्धांजलि अर्पित की।







0 टिप्पणियाँ