रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: एटीएम पर ठगी करके कार्ड बदलकर भोले भाले ग्राहकों को ठगने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में महराजगंज कस्बे के रायबरेली रोड पर लगे बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम पर पैसा निकालने गए साले और बहनोई को चकमा देकर दो ठगों ने एटीएम कार्ड ही बदल लिया। सुबह एटीएम कार्ड धारक को पता चला की उसके खाते से लगभग एक लाख रुपए निकाले जा चुके हैं। मामले की जानकारी होने पर भुक्तभोगी कोतवाली महराजगंज पहुंचा, और तहरीर देकर कोतवाल को पूरे घटनाक्रम के बारे में जानकारी दी। मामले में पुलिस छानबीन कर रही है।
आपको बता दें कि, कोतवाली क्षेत्र के पूरे अब्दुल्लागंज मजरे पिंडारी कला का रहने वाला अयोध्या प्रसाद पुत्र रामेश्वर दिल्ली में एक निजी संस्था में काम करता है। विगत 7 तारीख को वह अपनी बीमार पत्नी का इलाज करने के सिलसिले में गांव आया था। भुक्तभोगी अयोध्या प्रसाद ने बताया कि, विगत 10 तारीख को वह अपने बहनोई के साथ महराजगंज कस्बे के रायबरेली रोड पर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम केंद्र पर पैसा निकालने पहुंचा, और उसने 20 हजार रुपए निकालने के लिए एटीएम में प्रक्रिया की।
इसी दौरान दो युवक पीछे से आ गए, और उन्होंने कहा कि, 20 हजार रुपए एक बार में नहीं निकाले जा सकते, तुम दस-दश हजार रुपए करके निकालो, हम लोगों को जल्दी है। पहले हम निकाल ले और उन्होंने हड़बड़ी करके हमारा एटीएम कार्ड बदल लिया। उधर भुक्तभोगी ने दोनों युवकों के जाने के बाद कई बार एटीएम कार्ड से पैसा निकालने की कोशिश की। जब पैसा नहीं निकला, तो निराश होकर वह लोग अपने घर चले आए।
बकौल अयोध्या प्रसाद सुबह जब उन्होंने अपना मोबाइल देखा, तो उसमें मिले संदेश के द्वारा पता चला कि, कई चक्रों में उसके खाते से 99 हजार 445 रुपए निकाले जा चुके हैं। तब भुक्तभोगी का माथा ठनका और उसने बैंक जाकर एटीएम कार्ड दिखाया, तो पता चला कि, यह उसका एटीएम कार्ड है ही नहीं। भुक्तभोगी ने पुलिस को वह एटीएम कार्ड भी दिखाया, जो ठगों ने उसका एटीएम कार्ड लेने के बाद दूसरा कार्ड छोड़ा था। पूरा मामला सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है।
कोतवाली प्रभारी शरद कुमार ने मामले की जांच के लिए कस्बा इंचार्ज जमुना प्रसाद त्रिपाठी को निर्देश देते हुए कहा है कि, सीसीटीवी फुटेज निकालकर अभियुक्तों का पता लगाया जाए, और उन्हें गिरफ्तार कर कड़ी कानूनी कार्यवाही की जाए।

0 टिप्पणियाँ