महेश विलास पैलेस में धार्मिक अनुष्ठान परंपरा के साथ-साथ दिखी भारतीय संस्कारों की अनूठी झलक।। Raebareli news ।।

रजनीकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: तहसील क्षेत्र के शिवगढ़ महेश विलास पैलेस में शुक्रवार को श्रीरामचरितमानस के अखंड पाठ के समापन के बाद जहां विविध प्रकार के धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। वहीं वैदिक विधि विधान के अनुरूप हवन संपन्न करके 51 ब्राह्मणों को भोजन खिलाने के उपरांत उन्हें सम्मानित करने की परंपरा देखने को मिली। पूरे कार्यक्रम के दौरान शिवगढ़ की इस पूर्व रियासत में भारतीय संस्कृति सभ्यता व संस्कारों की एक अनूठी झलक ने वहां मौजूद सभी लोगों का मन मोह लिया।

   आपको बता दें कि, इससे पहले भी शिवगढ़ राज प्रसाद ने सभी धार्मिक पर्व अनुष्ठान पूरे धार्मिक रीति रिवाज के अनुसार समय-समय पर आयोजित होते रहे हैं। इनमें शिवरात्रि, होली, दीपोत्सव, रक्षाबंधन जैसे त्यौहार बड़े ही भव्य तरीके से मनाए जाते रहे हैं। यहां का होली मिलन समारोह जो होली के आठवें दिन मनाया जाता है, उसकी चर्चा जिले ही नहीं पूरे प्रदेश में होती है। इस आयोजन में फगुआरों की दर्जनों टोलियां लोक गीतो के साथ भव्य कार्यक्रम प्रस्तुत करती हैं, और हजारों लोग प्रतिवर्ष इस कार्यक्रम का आनंद उठाते हैं। लेकिन इस बार होलिका दहन के पहले महेश विलास पैलेस में श्रीरामचरितमानस का अखंड पाठ बीते बृहस्पतिवार से प्रारंभ हुआ। 

    अखंड पाठ में संगीतमय टोली द्वारा श्रीरामचरितमानस का पाठ सहज ही लोगों को आकर्षित करता रहा। शुक्रवार को 3:00 बजे अखंड पाठ के समापन के बाद विद्वान पंडितों ने पूरे धार्मिक रीति रिवाज से अनुष्ठान संपन्न कराया। कार्यक्रम में क्षेत्र के जाने-माने विद्वान पंडितों ने भाग लिया। यज्ञ अनुष्ठान में राजा राकेश प्रताप सिंह के अलावा उनकी पत्नी रानी मंदाकिनी प्रभा सिंह, कुंवर हनुमंत सिंह व उनकी पत्नी के समेत हनुमंत सिंह के दोनों पुत्रों कुंवर अरिहंत, कुंवर अभिराज व पयागपुर इस्टेट बहराइच के कुंवर बाबा राजा जो राजा राकेश प्रताप सिंह के नाती है, समेत पूरे राजपरिवार ने हवन पूजन किया।

    इसके उपरांत महेश विलास पैलेस में 51 ब्राह्मणों को बड़े ही सम्मान के साथ बिठाकर पहले छोटे-छोटे राजकुमारों अरिहंत, अभिराज तथा बाबा राजा ने ब्राह्मणों के चरण धुल कर उनसे आशीर्वाद लिया। नन्हे मुन्ने राजकुमारों ने अपने हाथों से सभी ब्राह्मणों को भोजन परोसा, और सभी ब्राह्मणों को दक्षिणा प्रदान कर आशीर्वाद ग्रहण किया। राजकुमारों को यह संस्कार शिवगढ़ रियासत के मैनेजर सतेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ शशि बाबू के कुशल मार्गदर्शन में संपादित हुआ। इस कार्यक्रम को जिसने भी देखा सभी ने सराहना की।

     इस मौके पर मौजूद बुजुर्ग ब्राह्मण पंडित बद्री प्रसाद अवस्थी ने कहा कि, उनका सदैव ही शिवगढ़ रियासत पर आशीर्वाद रहा है। उन्होंने नन्हें-नन्हें राजकुमारों के द्वारा संपन्न कराए गए, कार्यक्रम की तारीफ करते हुए कहा कि, जैसा संस्कार इन्हें दिया जा रहा है, इससे यह साबित होता है कि, शिवगढ़ रियासत का भविष्य बहुत ही शानदार रहेगा।

   कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार व यूपी जनरलिस्ट एसोसिएशन के जिला उपाध्यक्ष सुभाष पांडेय, कैप्टन हरिशंकर पांडेय, कैप्टन पहाड़पुर वाले, विपिन बिहारी पांडेय, रविशंकर, कृतिका पुस्तकालय के अध्यक्ष, विष्णु कांत मिश्रा, राम कुमार मिश्रा आदि ब्राह्मणों ने भी आशीर्वाद प्रदान किया।

    इसके अलावा क्षेत्रीय लोगों में पूर्व विधायक राजाराम त्यागी, वरिष्ठ पत्रकार बृजेंद्र पांडेय, वरिष्ठ पत्रकार रामजी जयसवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष डॉक्टर जीबी सिंह, पूर्व प्रधान हनुमानसिंह, पूर्व प्रधान रामराज सिंह, कप्तान सिंह, वरिष्ठ नेता चंद्रपाल यादव, रामनाथ समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ