रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: कोतवाली क्षेत्र के गांव पहरेमऊ में पारिवारिक सदस्यों से हुए वाद-विवाद के बाद एक 25 वर्षीय युवक ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। इसके उपरांत वह पड़ोस के ओया गांव में अपनी मौसी के यहां चला गया। जहां उसकी हालत बिगड़ने लगी, परिजन जब तक उसे लेकर अस्पताल आते, उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
आपको बता दें कि, प्राप्त विवरण के मुताबिक पहरेमऊ गांव के रहने वाले काशी प्रसाद द्विवेदी का लड़का आदित्य द्विवेदी अपनी मौसी और मौसा के घर ओया में रहता था। पहरेमऊ से ओया की दूरी महज 2 किलोमीटर है। यहां उसका आना जाना उसका लगा रहता था। बताते हैं कि, 14 बहन भाइयों में से आदित्य द्विवेदी लाडला था। मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार को आदित्य द्विवेदी पहरे मऊ अपने मां-बाप के यहां गया था। जहां किसी बात को लेकर परिवार के अन्य सदस्यों से उसकी जमकर कहासुनी हुई, और उसने विषैले पदार्थ का सेवन कर लिया, तथा उसके बाद वह ओया चला आया। इसके बाद उसने किसी को कुछ नहीं बताया। आने के बाद वह बेसुध हो गया। परिजन जब तक कुछ जान पाते उसकी हालत बिगड़ने लगी, और उसकी मौत हो गई। उसके मौत पर कोहराम मच गया। आदित्य के मौसा अंजनी महाराज ने पुलिस को सूचना दी।
इस पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाल शरद कुमार का कहना है कि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद यदि कोई तहरीर दी जाती है तो, तहरीर के आधार पर कार्यवाही की जाएगी।

0 टिप्पणियाँ