रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: महराजगंज कस्बे के गांधी नगर वार्ड में एक 45 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताते हैं कि, बुखार आने के बाद अचानक सांस लेने में दिक्कत के चलते हुई मौत से लोगों में हड़कंप मच गया। हालत यह रही की इन लोगों ने सांस उखड़ने से हुई मौत को कोरोना से हुई मौत का अंदेशा जताते हुए लोगों ने लाश को अलग छोड़ दिया। पूरी रात लाश पड़ी रही। सुबह समझाने बुझाने के बाद किसी तरह परिजनों ने बुधवार की दोपहर उसका अंतिम संस्कार किया।
आपको बता दें कि, कोरोना महामारी का खौफ आम जनमानस पर इस कदर हावी है कि, इसका एक दृश्य गांधीनगर मोहल्ले में मंगलवार को देखने को मिला। बताते हैं कि, स्थानीय निवासी राधेलाल बेड़िया का पुत्र इंद्रजीत उर्फ बबलू 45 को दो-तीन दिन पहले जोरदार खांसी के साथ बुखार का प्रकोप हुआ, उसने एक प्राइवेट चिकित्सक को दिखा कर इलाज शुरू किया। लेकिन सोमवार की शाम हालत बिगड़ते देख चिकित्सकों ने उसे किसी अच्छे अस्पताल ले जाने की सलाह दी। लेकिन परिजन कहीं नहीं ले गए। मंगलवार को अचानक दोपहर में उसे सांस लेने में भारी दिक्कत हुई। थोड़ी ही देर में उसने अपने घर पर ही दम तोड़ दिया। परिवार में रोना पीटना शुरू तो हुआ, लेकिन लोग इस कदर आशंकित हो गए कि, मौत के पहले सारे लक्षण कोरोना के होने का अंदेशा जताते हुए लोगों ने शव से दूरी बना ली।
रात भर लाश अकेले पडी रही। सुबह कुछ मोहल्ले वालों के समझाने बुझाने पर परिजन माने और उसे हनुमानगढ़ी के पीछे पारंपरिक शवदाह स्थल पर अंतिम संस्कार कर दिया है।

0 टिप्पणियाँ