48 घंटे के भीतर ताबड़तोड़ हुई 6 मौतों से थर्रा उठा महराजगंज क्षेत्र।। Raebareli news ।।

 

रजनीकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: क्षेत्र में पिछले 48 घंटे के दौरान अस्वाभाविक रूप से हुई 6 मौतों से हड़कंप मच गया है। मृतकों में से दो सगे भाई भी शामिल है। मौतों को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।

    आपको बता दें कि, बीते सोमवार को कस्बा महराजगंज के रायबरेली रोड के रहने वाले ज्योतिषाचार्य एवं पौराणिक कर्मकांड के ज्ञाता कृष्ण जी मिश्र 57 का निधन हो गया था। परिजनों ने बताया कि, बीती रात अचानक उनकी हालत बिगड़ी और सुबह उनकी मौत हो गई। अभी कृष्ण जी मिश्र के चिता की राख बुझी भी नहीं थी कि, आज तड़के उनके बड़े भाई श्याम जी मिश्र जोकि हट्टे कट्टे थे, उनकी भी मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि, हाई ब्लड प्रेशर की वजह से मौत हुई है। इससे मोहल्ले में सनसनी फैल गई है।

   उधर नवोदय चौराहे पर किराना व्यापारी मुन्ना जायसवाल का 24 वर्षीय पुत्र मनीष जायसवाल की तबीयत एक दिन पहले ही बिगड़ी थी, परिजन उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जा रहे थे, कि रास्ते में उसकी मौत हो गई। वहीं पड़ोस के ही पूरे मचाल मजरे सारीपुर में चंद्रमोहन की 30 वर्षीय पत्नी को दिन में बुखार और खांसी हुई। शाम को परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे कि, उसने भी दम तोड़ दिया।

   इसी क्रम में क्षेत्र के कुसुढ़ी सागरपुर गांव में रहने वाली सामाजिक कार्यकर्ता पद्मादेवी तिवारी 70 को अचानक सोमवार के दिन सांस लेने में तकलीफ हुई, परिजनों ने ऑक्सीजन आदि की व्यवस्था कराई। लेकिन पड़ोस के बीएचईएल अस्पताल में उनकी मौत हो गई। इससे पूरा गांव शोकाकुल हो गया। पद्मावती देवी क्षेत्र के जाने-माने चिकित्सक दिवंगत डॉ रमेश तिवारी की पत्नी है। उनके अंतिम संस्कार में सैकड़ों लोग शामिल हुए, हर किसी की जुबान पर था, अरे! यह तो दो-तीन दिन पहले तक बहुत स्वस्थ थी, अचानक यह क्या हो गया!

    वहीं क्षेत्र के अटरा गांव में रहने वाले जुगनू मियां पुत्र सरवर को भी रविवार की रात खांसी और बुखार की शिकायत हुई। उन्होंने इसके लिए स्थानीय चिकित्सकों की मदद ली। लेकिन सोमवार की रात उनका भी निधन हो गया। क्षेत्र में 48 घंटे के भीतर ताबड़तोड़ हुई 6 मौतों से लोग सिहर उठे हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ