न्यायालय के आदेश पर 8 लोगों के विरुद्ध दर्ज हुआ हत्या का मुकदमा।। Raebareli news ।।

 

रजनीकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: दबंगों द्वारा लामबंद होकर एक युवक को पीट-पीटकर गंभीर रूप से घायल करने तथा बाद में इलाज के दौरान युवक की मौत हो जाने के आरोप में पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर 8 लोगों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की विवेचना में जुट गई है।

    आपको बता दें कि, मामला विगत 16 नवंबर 2020 का है। न्यायालय में दिए गए शिकायती पत्र में तत्कालीन अमेठी जिले के थाना शिवरतन गंज क्षेत्र के गांव पूरे सूबेदार मजरे सतगवा की रहने वाली सुशीला देवी पत्नी स्वर्गीय श्यामलाल ने आरोप लगाया था कि, उनका लड़का संजय को गांव के ही गंगाराम पुत्र रामसेवक, सुशील कुमार सिंह पुत्र शिव शंकर, राम बहादुर पुत्र सियाराम, राहुल डोम पुत्र राम सुमिरन, दद्दू ठाकुर पुत्र अज्ञात, मनोज कुमार पुत्र अज्ञात, संतराम पुत्र दु:खी, संतराम पुत्र कन्धई ने मामूली कहासुनी के बाद घेर कर लाठी-डंडों से जमकर पिटाई की थी। जिससे संजय गंभीर रूप से घायल हो गया था। वह संजय को इलाज कराने के लिए अस्पताल ले गई। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी।

    मामले में प्राथमिकी दर्ज कराने वह थाना शिवरतन गंज गई थी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट लिखने के बजाय उसे दुत्कार कर भगा दिया था। मजबूर होकर उसने न्यायालय में शिकायती पत्र देकर रिपोर्ट दर्ज करने की बात कही थी। अदालत ने पुलिस को मुकदमा दर्ज कर विवेचना करने के निर्देश दिए हैं। जिसके अनुपालन में महराजगंज पुलिस ने आठों अभियुक्तों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।

    कोतवाल शरद कुमार का कहना है कि, क्योंकि मामला उस समय घटनास्थल जनपद अमेठी के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र में आता था, लेकिन अब यह गांव महराजगंज क्षेत्र में शामिल कर लिया गया है। न्यायालय के आदेश का अनुपालन करते हुए मुकदमा दर्ज किया गया है। विवेचना में पाए गए तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ