महराजगंज क्षेत्र में 5000 लोगों को मेडिकल किट वितरित करने के कार्य का आज हुआ शुभारंभ।। Raebareli news ।।

सार.........

गुरुकुल महाविद्यालय पुरासी में शिविर लगाकर लगभग 500 लोगों को मेडिकल किट जिसमें दवाएं सैनिटाइजर मास्क आदि थे, ग्रामीणों को निशुल्क प्रदान किया गया। 

शिवाकांत अवस्थी

विस्तार..........

महराजगंज/रायबरेली: कोविड-19 की रोकथाम के लिए क्षेत्र के गुरुकुल महाविद्यालय पुरासी में पंडित राम दत्त सेवा संस्थान द्वारा ग्रामीणों में जागरूकता फैलाने के साथ-साथ क्षेत्र के 5000 लोगों को मेडिकल किट वितरित करने के कार्य का आज शुभारंभ हो गया है। विद्यालय परिसर में एसडीएम सविता यादव एवं सीएचसी अधीक्षक डॉक्टर राधा कृष्ण की अगुवाई में शिविर लगाकर लगभग 500 लोगों को मेडिकल किट जिसमें दवाएं सैनिटाइजर मास्क आदि थे, ग्रामीणों को निशुल्क प्रदान किया गया। 

    आपको बता दें कि, इसी क्रम में संस्थान द्वारा आगामी मंगलवार को सीएचसी महराजगंज के लिए 5 ऑक्सीजन सिलेंडर और 3 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर तथा तहसील क्षेत्र की सभी आशा बहुओं के लिए हैंड सैनिटाइजर और मास्क के अलावा उप जिलाधिकारी के माध्यम से 200 आक्सेमीटर प्रदान किए जाने की घोषणा संस्थान के अध्यक्ष राजेंद्र दत्त मिश्रा एडवोकेट ने किया।

     महाविद्यालय के शिक्षण एवं प्रशिक्षण हाल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एसडीएम सबिता यादव ने कहा कि, कोरोनावायरस से फैली महामारी से निपटने के लिए समाज के सक्षम लोगों को आगे आना चाहिए। उन्होंने संस्थान द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि, जन जागरूकता फैलाने के साथ-साथ कोविड-19 के बारे में फैली भ्रांतियों को दूर करने की आवश्यकता है।

    उन्होंने यह भी कहा कि, कोई भी लक्षण दिखने पर कोरोनावायरस टेस्ट अवश्य करवाएं और अपनी बारी आने पर कोरोना का टीका भी जरूर लगवाएं, क्योंकि टीकाकरण ही कोरोनावायरस से बचाव का  सर्वोत्तम उपाय है। उन्होंने अपने हाथों से सैकड़ों लोगों को संस्थान द्वारा उपलब्ध कराई गई किट जिसमें पेरासिटामोल सीमाएं सील टेबलेट के अलावा विटामिन सी मल्टीविटामिन और हैंड सेनीटाइजर जैसी आवश्यक वस्तुएं पर्याप्त मात्रा में रखी गई थी, लोगों को वितरित किए।

    कार्यक्रम में सीएचसी अधीक्षक डॉ राधाकृष्णन ने कोरोना से बचाव के बारे में लोगों को विस्तार से बताया। कार्यक्रम के संयोजक संस्थान के अध्यक्ष  राजेंद्र दत्त मिश्रा एडवोकेट ने घोषणा की है कि, वह पूरे क्षेत्र में 5000 लोगों को ऐसी मेडिकल किट का वितरण विभिन्न माध्यमों से कराएंगे।

    इसके अलावा सीएचसी महराजगंज में ऑक्सीजन की कमी की वजह से किसी की जान ना जाए, इसके लिए 5 ऑक्सीजन सिलेंडर और तीन ऑक्सीजन कंसंट्रेटर आगामी मंगलवार को सीएचसी जाकर उपलब्ध कराएंगे। उनकी इस घोषणा का लोगों ने करतल ध्वनि से स्वागत किया है। 

   कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष डॉ शशांक शेखर शुक्ला, उपाध्यक्ष पूजा मिश्रा, विषय विशेषज्ञ डॉक्टर ज्योति शुक्ला,  प्रीति मिश्रा, नीलम मिश्रा, सुरेंद्र कुमार, बेवी सिंह, क्षेत्रीय राजस्व निरीक्षक श्रीकांत पांडेय समेत उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के अध्यक्ष रिंकू जायसवाल ने भी अपने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में अमित पांडेय, संत कुमार चौधरी पूर्व प्रधान प्रतिनिधि हलोर, जमुना प्रसाद मिश्रा, सूरज द्विवेदी, श्रवण कुमार चौधरी आदि भी मौजूद रहे।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ