प्रतीकात्मक फोटो
शिवाकांत अवस्थीरायबरेली: एक जून से कोरोना कर्फ्यू से जिलेवासियों को कुछ राहत मिलेगी। शासन के फैसले के बाद एक माह के कोरोना कर्फ्यू में एक जून से छूट मिल जाएगी। सुबह सात बजे से शाम सात बजे तक बाजार खुल सकेंगे। हालांकि पहले की तरह ही वीकेंड लॉकडाउन और नाइट कर्फ्यू जारी रहेगा। लेकिन अब आपको ज्यादा सतर्कता बरतनी है। लॉकडाउन से मिली छूट में कहीं आप लापरवाह न हो जाएं। बाजार में जाएं तो मास्क जरूर पहनें और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें तभी कोरोना के खिलाफ इस लड़ाई में हमें जीत मिल सकेगी।
प्रतीकात्मक फोटोआपको बता दें कि, कोरोना कहर के चलते जिले में एक माह से बाजार बंद थे। सड़कें सूनी थीं। कोरोना से लगातार हो रही मौतों को लेकर लोग डरे हुए थे। लॉकडाउन के कारण कोरोना मरीजों की संख्या में कुछ गिरावट आई। वहीं मौतों का आंकड़ा भी थम गया। अब संक्रमण की रफ्तार कुछ हद तक थमने के बाद सरकार ने करीब एक माह बाद बाजारों को शर्तों के साथ खोलने का ऐलान किया है। जिन जिलों में बाजार खुलने का आदेश हुआ है, उसमें रायबरेली भी शामिल है।
प्रतीकात्मक फोटोबाजार जरूर खुलेंगे, लेकिन कोरोना का खतरा अभी कम नहीं हुआ। नतीजतन लोगों को खुद के साथ ही अपने परिवार के हर सदस्य को कोरोना के प्रति सतर्कता रखनी होगी। खासकर घर से निकलने पर मास्क लगाने के साथ सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना जरूरी होगा। जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डीएस अस्थाना कहते हैं कि, पहले की अपेक्षा जिले में कोरोना के केस कम हुए हैं। इसलिए बाजार खुलने पर पहले से और सतर्कता बरतनी होगी। थोड़ी सी चूक से लोग कोरोना संक्रमित हो सकते हैं। इसलिए स्वयं के साथ ही अपने परिवार की जिंदगी की सलामती के लिए सतर्कता बरतें।
सीएमओ डॉ0 वीरेंद्र सिंह का कहना है कि, बाजार खुलने का आदेश जरूर हुआ है, लेकिन इसमें हम सबको लापरवाही न करते हुए कोरोना को लेकर सतर्कता बरतना होगा। जिले में कोरोना के केस कम हुए हैं, लेकिन कोरोना का डर कम नहीं हुुआ हैै। सीएमओ का कहना है कि, स्वास्थ्य टीमें गांव भेजकर लोगों की कोरोना जांच कराई जा रही है।
उधर कोरोना केस कम होने के चलते सरकार ने कल से बाजार खुलने का आदेश दिया है। बावजूद इसके लोग सतर्कता बरतना जरूरी नहीं समझ रहे हैं। रविवार को महराजगंज कस्बा सहित रायबरेली शहर के डिग्री कॉलेज, सुपर मार्केट, जिला अस्पताल चौराहा, सिविल लाइंस समेत अन्य स्थानों पर लोग बिना मास्क के ही वाहनों से फर्राटा भरते रहे। इन लोगों को तनिक भी जिंदगी का ख्याल नहीं रहा। हालांकि पुलिस ने रोककर सभी को मास्क लगाने के लिए कहा। मास्क न लगाने पर चालान भी किया।
एसपी श्लोक कुमार ने बताया कि, कोरोना के प्रति सभी लोग सतर्कता बरतें। घर से निकलने पर मास्क लगाएं। सोशल डिस्टेंसिंग का ख्याल रखें। यदि ऐसा कोई नहीं करता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बिना मास्क के वाहनों से फर्राटा भरने वालों का चालान किया जा रहा है।




0 टिप्पणियाँ