महराजगंज/रायबरेली: केंद्र में मोदी सरकार के 7 वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर पार्टी संगठन ने सरकार की उपलब्धियों को संगठन के माध्यम से घर घर पहुंचाने की व्यवस्था की है। इसी क्रम में भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री व एमएलसी तथा रायबरेली प्रभारी विद्यासागर सोनकर ने महराजगंज ब्लॉक के पाली गांव पहुंचकर एक संक्षिप्त समारोह में लगभग 2 से ढाई सौ लोगों को आयुर्वेद विभाग द्वारा आयुष काढ़ा, संजीवनी वटी, हैंड सैनिटाइजर, ग्लब्स और मास्क जैसी वस्तुएं प्रदान करते हुए लोगों का आह्वान किया कि, वह इसका नियमित रूप से सेवन करें, ताकि कोरोना की महामारी से लोगों का बचाव हो सके।
आपको बता दें कि, पार्टी के युवा नेता सुनील मौर्य के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम में बोलते हुए विद्यासागर सोनकर ने कहा कि, आजादी के बाद नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बनी सरकार ने इतने ऐतिहासिक काम किए हैं, जिनको गिना पाना मुश्किल है। उन्होंने सरकार की जन धन योजना, किसान सम्मान निधि योजना, उज्जवला योजना, राष्ट्रीय किसान दुर्घटना बीमा योजना, तीन तलाक प्रथा का अंत के साथ-साथ जम्मू और कश्मीर में धारा 370 की समाप्ति समेत नागरिकता कानून जैसे एक से बढ़कर एक कानून बनाते हुए देश की एकता और अखंडता के साथ-साथ महिलाओं के सम्मान, भारतीय नागरिकों के स्वाभिमान जैसे अनेकों कार्य किए हैं।उन्होंने कहा कि, यह नरेंद्र मोदी की ही सरकार है, जिसने कोरोना महामारी की पहली तथा दूसरी लहर का डटकर मुकाबला किया और सरकार की मजबूत इच्छा शक्ति और उठाए गए साहसिक कदमों की वजह से कम से कम जनहानि हुई। उन्होंने लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने बाहर निकलने पर सदैव मास्क पहनने और लगातार साबुन से हाथ धोते रहने की सलाह दी। इसके अलावा उन्होंने यह भी बताया कि, प्रदेश सरकार द्वारा कोरोना प्रभावी नियंत्रण करने के लिए उठाए गए सभी कदम सफल हुए हैं।
इसी क्रम में पूर्व एमएलसी राजा राकेश प्रताप सिंह ने भाजपा संगठन द्वारा चलाए गए कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि, पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिनमें मोर्चे और प्रकोष्ठ भी शामिल है, उन्होंने ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने के साथ-साथ ब्लड डोनेशन कैंप भी लगाए। संगठन के द्वारा हर गांव में इस तरह का कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया है, जिस पर अमल हो रहा है। उन्होंने पंचायती चुनाव को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए योगी सरकार की सराहना भी की।
कार्यक्रम में मौजूद पूर्व विधायक राजाराम त्यागी ने कहा कि, सभी लोग भाजपा की नीति और रीति को जन जन तक पहुंचाएं, और कोविड-19 के दौरान शासन द्वारा दिए गए दिशानिर्देशों का अमल करें, जिससे कोरोना को समाप्त किया जा सके।
इसी क्रम में पूर्व जिला पंचायत सदस्य व महराजगंज चेयरमैन प्रतिनिधि प्रभात साहू ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आए हुए अतिथियों का स्वागत किया और भरोसा दिलाया कि, आगामी जिला पंचायत अध्यक्ष और प्रमुखी के चुनावों में पार्टी की ही जीत होगी।
इस मौके पर जिला महामंत्री शरद सिंह, सरोज गौतम एडवोकेट, महराजगंज मंडल अध्यक्ष सूर्य प्रकाश वर्मा, संतोष कुमार मौर्य, राजकुमार मौर्य के अलावा राजकीय आयुर्वैदिक चिकित्सालय महराजगंज के डॉ सुनील कुमार, फार्मासिस्ट अशोक कुमार आदि भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के संयोजक सुनील कुमार मौर्य ने आगंतुकों का आभार जताया।

0 टिप्पणियाँ