रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: आज शनिवार को महराजगंज तहसील का संपूर्ण समाधान दिवस उप जिलाधिकारी रश्मि लता की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। उप जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए प्राप्त शिकायतों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए राजस्व विभाग सहित अन्य सम्बंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया। संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 32 शिकायतें आई, जिसमें से तीन शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
आपको बता दें कि, उप जिलाधिकारी रश्मि लता ने शेष 29 शिकायतों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि, सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त प्रकरणों/शिकायतों को सम्बंधित कर्मचारी मौके पर जाकर शिकायतकर्ता का पक्ष सुनते हुए उसका निस्तारण करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि, विवाद के मामलों में शिकायत का निस्तारण होने की दशा में सहमति पत्र पर दोनो पक्षों का हस्ताक्षर होना आवश्यक है।
उप जिलाधिकारी महराजगंज रश्मि लता ने कहा कि, फरियादियों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण और शिकायतकर्ता की संतुष्टि के प्रति सरकार बेहद संवेदनशील हैं, इसमें किसी भी प्रकार लापरवाही न की जाये। आज के सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 32 शिकायतों में राजस्व विभाग से संबंधित 12, पुलिस से संबंधित 9, विकास से संबंधित 6 अन्य पांच शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिसमें से तीन का त्वरित निस्तारण कर दिया गया।
उप जिलाधिकारी ने भूमि विवाद/अतिक्रमण की शिकायतों पर राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिया कि, राजस्व निरीक्षक, लेखपाल तथा पुलिस कर्मियों को मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करते हुए नियमानुसार गुणवत्तापूर्ण ससमय निस्तारण किया जाए।
इसके अलावा संपूर्ण समाधान दिवस में लेखपाल संघ की अध्यक्षता दर्शिता श्रीवास्तव के नेतृत्व में लेखपालों ने उप जिलाधिकारी रश्मि लता से मुलाकात कर एक शिकायती पत्र देते हुए अवगत कराया कि, जबरदस्ती एंटी करप्शन द्वारा लेखपालों के विरुद्ध बिना किसी साक्ष्य के कानूनी कार्यवाही के तहत गिरफ्तारी जा रही है, जिसको लेकर लेखपाल संघ के समस्त लेखपालों में भारी आक्रोश है। लेखपाल संघ की अध्यक्षा दर्शित श्रीवास्तव समेत लेखपालों ने तहसील दिवस में मौजूद अधिकारियों से आग्रह किया है कि, एंटी करप्शन टीम द्वारा लेखपालों पर जबरदस्ती की जा रही कार्यवाही को तत्काल प्रभाव से रोका जाए।
तहसील दिवस के मौके पर तहसीलदार ध्रुव नारायण यादव, बीडीओ महराजगंज वर्षा सिंह, बीडीओ शिव बहादुर सिंह, बीडीओ बछरावां, एसडीओ विद्युत रमेश सोनी, खंड शिक्षा अधिकारी राममिलन यादव, रोहित कुमार एसआई महराजगंज, मनीष कुमार जायसवाल एसआई थाना शिवगढ़, अंकुर दुबे एसआई थाना बछरावां समेत तहसील स्तरीय अधिकारी/कर्मचारीगण मौजूद रहे।






0 टिप्पणियाँ