शुतुरमुर्ग की तरह रेत में सर छुपा रहे हैं प्रभात साहू के विरोधी।। Raebareli news ।।

रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: मऊ बाजार में वरिष्ठ भाजपा नेता और महराजगंज प्रथम से जिला पंचायत सदस्य प्रभात साहू के बारे में अराजक तत्वों द्वारा लगवाए गए पोस्टरों का मामला और तूल पकड़ रहा है। मामले में जहां पुलिस ने जांच पड़ताल तेज कर दी है तो, वहीं बड़ी तादाद में प्रभात साहू के समर्थक मैदान में आ गए हैं, और उन्होंने सोशल मीडिया पर भी मोर्चा संभाल लिया है। प्रभात साहू के ऊपर अनर्गल आरोप लगाए जाने को लेकर आम जनमानस में भी नाराजगी देखी जा रही है। वहीं प्रभात साहू ने कहा कि, वह कानून पर विश्वास रखते हैं और जनता जनार्दन को भगवान मानते हैं। लोगों की सलाह पर इस बार खड़यत्रकारियों के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही करने से वे पीछे नहीं हटेंगे।
      आपको बता दें कि, विगत 24/25 की रात मऊ बाजार में इलेक्ट्रोस्टेट पोस्टर जिस पर प्रभात साहू का चित्र छपा था, और उनके क्षेत्र से लापता होने का आरोप लगाते हुए पोस्टर चिपकाए गए थे। जिसकी सूचना मिलने पर कोतवाल महराजगंज अरुण कुमार सिंह ने तत्काल मौके पर पहुंचकर सभी पोस्टरों को हटवा दिया था।
       इसी क्रम में प्रभात साहू ने कोतवाली पहुंचकर अज्ञात लोगों के विरुद्ध अवैध रूप से उनकी सामाजिक राजनैतिक छवि धूमिल करने का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। जिस पर कोतवाल ने श्री साहू को आश्वस्त किया था कि, वह मामले की तह तक जाकर जांच करेंगे और ऐसा अपराध करने वालों को का नाम उजागर कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही करेंगे।
     इसी क्रम में कोतवाल अरुण कुमार सिंह ने बीती रात भारी पुलिस बल के साथ मऊ बाजार में जाकर पैदल मार्च भी किया था और कुछ लोगों से इस विषय पर जानकारी भी मांगी थी, इसके अलावा उन्होंने मऊ बाजार में जिन-जिन दुकानदारों के यहां सीसीटीवी लगे हैं, उनसे फुटेज भी मांगे हैं। कोतवाल ने बीती रात यह भी कहा था कि, गैर कानूनी काम करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही करने में वह किसी भी तरह से नहीं हिचकिचाएंगे। कोतवाल के तल्ख तेवर देख कर लगा कि, उन्होंने मामले को बहुत ही गंभीरता से लिया है, और शीघ्र ही वह षड्यंत्रकारियों तक पहुंच जाएंगे।
     उधर दूसरी ओर प्रभात साहू के समर्थकों ने भी इस घटना की जानकारी मिलने पर उबाल आ गया है। पूरी रात सोशल मीडिया पर प्रभात साहू के समर्थक उनके समर्थन में अपने अपने विचार पोस्ट करते रहे, साथ ही ऐसा कृत्य करने वालों को कोसते रहे।
     इस बारे में हमने जब मोन गांव के रहने वाले बाबा सोमनाथ मंदिर के पुजारी व प्रकांड विद्वान समाजसेवी पंडित शारदा प्रसाद पांडे से बात की, तो उन्होंने बताया कि, प्रभात साहू सर्व सुलभ व्यक्ति है। प्रायः वह क्षेत्र में सभी धार्मिक आयोजनों में लोगों के यहां निमंत्रण में अक्सर आया जाया करते हैं, तथा क्षेत्रीय विधायक राम नरेश रावत के क्षेत्रीय दौरों में सदैव गांव-गांव भ्रमण किया करते हैं। प्रभात साहू जनता की समस्याओं को शासन प्रशासन तक ले जाया करते हैं। उनके बारे में इस प्रकार की हरकत करना सूरज की तरफ मुंह करके थूकने की तरह है, वह पोस्टर लगाने वालों की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं।
    इसी क्रम में मोन के गांव नारायणपुर के रहने वाले अग्रणी व्यवसाई व समाजसेवी शैलेंद्र उर्फ राहुल साहू का कहना है कि, प्रभात साहू लोकतंत्र सेनानी और जिले भर में अपनी समाज सेवा के लिए जाने-जाने वाले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व तहसील सह संचालक सत्यनारायण गुप्ता के पुत्र हैं, और उनकी पत्नी लगातार तीन बार से महराजगंज नगर पंचायत में भारी बहुमत से चुनाव जीतती आ रही है। प्रभात साहू ने पहले ही चुनाव में महराजगंज प्रथम क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव जीता था। अगर वह जनप्रिय ना होते, सर्व सुलभ ना होते, तो इतने चुनाव यह कैसे जीत जाते। जरूर किसी कुत्सित मानसिकता से ग्रसित लोगों ने यह घृणित कार्य किया है। जिसकी चारों ओर निंदा हो रही है।
     वहीं कैर गांव के रहने वाले गुरसेवक यादव ने बताया कि, प्रभात साहू को उन्होंने उनका नाम सुनकर पिछले चुनाव में वोट किया था। बाद में वह जब भी गांव की तरफ आते हैं, उनका हालचाल जरूर लेते हैं, और जब जब उन्होंने किसी कार्यक्रम का निमंत्रण दिया, तो प्रभात साहू अपने सहयोगियों के साथ उन्हीं के यहां नहीं गांव में जो कोई भी बुलाता है, वह जरूर आते हैं। ऐसे सुलभ आदमी के लिए लापता होने का पोस्टर लगाए जाना निंदा योग्य है।
     क्षेत्र के युवा सामाजिक कार्यकर्ता धर्मेंद्र वर्मा का कहना है कि, पोस्टर लगावाने वाले लोगों के बारे में एक उक्ति चरितार्थ होती है जैसे कि, जो शुतुरमुर्ग पक्षी होता है, वह बड़े खतरे की आशंका में अपना सर रेत में छिपाकर ऐसा महसूस करता है कि, जैसे उसका विशालकाय शरीर भी रेत में छुप गया है। यही हाल पोस्टर लगाने वालों का है कि, वह अंधेरे में यह काम करके यह सोचते हैं कि, कोई उनको जानता नहीं, पर उन्हें सारा समाज जानता है कि, यह काम ऐसे नीच लोग ही कर सकते हैं। धर्मेंद्र वर्मा ने सोशल मीडिया पर प्रभात साहू के बारे में अनाप-शनाप भ्रामक व असत्य खबरें चलाने वालों को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि, स्वार्थी लोग प्रभात साहू क्या अपने मां बाप के भी नहीं होते हैं, ऐसे लोगों को दूर रखना ही समाज की भलाई है।
     महराजगंज कस्बे के वार्ड सभासद प्रतिनिधि रवितोष त्रिपाठी ने कहा है कि, कुछ लोगों में महराजगंज प्रथम से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ने के लिए इच्छा जागृत हुई है। वह ऐसा घिनौना षड्ययंत्र करके प्रभात साहू की लोकप्रियता को कम करना चाहते हैं, जोकि असंभव है। ऐसे तत्वों ने भाड़े पर काम करने वालों की मदद लेकर जो गुनाह किया है, वह अक्षम्य है। लोग असलियत जान चुके हैं। उन्होंने आगे कहा कि, राजनीति में निपुण वह लोग होते हैं, जो किसी बड़ी लाइन को छोटा करने के लिए उसके बगल में उससे बड़ी लाइन खींचते हैं। इस मामले में तो मुख्य षड़्यंत्रकारी ने प्रभात साहू की लंबी लाइन को काट छांट कर कम करने की कोशिश की है। जिसमें वह कभी कामयाब नहीं होगा।
    वही कुसुढ़ीसागर पुर गांव के रहने वाले समाजसेवी व बड़े किसान पंडित राधा रमण त्रिपाठी ने कहा कि, प्रभात साहू जनता के दिलों में बसते हैं। क्षेत्रवासियों का दुर्भाग्य रहा कि, वह जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव जीत नहीं पाए, अन्यथा पूरा इलाका इसी प्रकार विकसित होता, जैसा कि, महराजगंज नगर पंचायत में रिकॉर्ड तोड़ विकास हुआ है। उन्होंने बताया कि, महराजगंज के नगर की सीमाओं का विस्तार प्रभात साहू ने कराया है। महराजगंज कस्बे में एक भी गली नहीं बची जहां इंटरलॉकिंग ना हुई हो। पेयजल और सफाई की व्यवस्था पूरे जिले में अव्वल है। सैकड़ों की तादात में गरीब लोगों को कालोनियां दिलाई गई है। वहीं सैकड़ों लोगों को विधवा व वृद्धावस्था तथा विकलांग पेंशन प्रभात साहू ने दिलाए हैं। इसके साथ उन्होंने हर जाड़े के मौसम में हजारों लोगों को निशुल्क रजाई और कंबल प्रदान किए हैं। प्रभात साहू ने संपूर्ण लाकडाउन के दौरान महराजगंज क्षेत्र भर में हजारों लोगों को लंच पैकेट वितरित किए हैं। उन्होंने गरीबों की सहायता के लिए महराजगंज कस्बे में जनता किचन चलवा रखा है, जिसमें प्रतिदिन सैकड़ों लोग सुबह और शाम स्वादिष्ट और पौष्टिक भोजन प्राप्त कर रहे हैं। वहां आने वालों से यह नहीं पूछा जाता कि, आप किस गांव के रहने वाले हैं, जो भी आता है निशुल्क भरपेट भोजन करके जाता है। ऐसी शख्सियत के धनी प्रभात साहू के बारे में ऐसी गंदी हरकत करना, झूठा पोस्टर चिपकवाना कानून ही नहीं ईश्वरी व्यवस्था के खिलाफ भी है। ऐसे लोगों को कानून के अलावा सामाजिक और ईश्वरीय दंड भी मिलेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ