मिड डे मील के राशन में मिले कीड़े, ग्रामीणों ने भ्रष्ट प्रधानाध्यापक के खिलाफ कार्यवाही की लगाई गुहार
रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: विकासखंड क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय जमुरावा में तैनात इंचार्ज प्रधानाध्यापक छोटेलाल द्वारा बच्चों को वितरित किए जा रहे मिड डे मील के राशन में कीड़े मीलने से ग्रामीणों ने जमकर विरोध किया, और जानकारी उप जिलाधिकारी विनय कुमार मिश्रा को दी। तत्काल मामले को संज्ञान लेते हुए उप जिलाधिकारी विनय कुमार मिश्रा ने नायब तहसीलदार को मौके पर भेजकर जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए है।
आपको बता दें कि, एसडीएम विनय कुमार मिश्रा द्वारा दिए गए निर्देश के बाद पूर्व माध्यमिक विद्यालय जमुरावां पहुंचे नायब तहसीलदार को देख सैकड़ों एकत्रित ग्रामीणों ने गेहूं में कीड़े दिखाएं, तो नायब तहसीलदार के होश फाख्ता हो गए, और इंचार्ज प्रधानाध्यापक छोटेलाल द्वारा की जा रही कारगुजारी का ग्रामीणों ने काला चिट्ठा खोल कर रख दिया, तथा हकीकत से रूबरू कराया।
विदित हो कि, पूर्व माध्यमिक विद्यालय जमुरावां में तैनात प्रधानाध्यापक छोटेलाल हमेशा से सुर्खियों में रहें है, चाहे वो विद्यालय के रखरखाव का मामला रहा हो, या फिर मिड डे मील के राशन घोटाले की बात हो, सभी मामलों को लेकर समय-समय पर ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोपों से सुर्खियों में रहे हैं। ग्रामीण अमित त्रिपाठी उर्फ मोनू व प्रवीण शुक्ला समेत सैकड़ों की संख्या में उपस्थित ग्रामीणों ने बताया कि, जमुरावां गांव में स्थित दो कमपोजिट स्कूलों में इंचार्ज प्रधानाध्यापक ने रिपेयरिंग के नाम पर 3 लाख रुपए निकाल कर डकार गए। जिसकी वजह से आज भी रसोईघर अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। इसके अलावा नौनिहाल बच्चों को पीने वाला पानी जो विद्यालय प्रांगण में लगे इंडिया मार्का हैंडपंप से मिलता था, विगत कई माह से खराब पड़ा है।
जमुरांवा के ग्रामीणों द्वारा की गई शिकायत से, यह तो स्पष्ट ही हो जाता है कि, इंचार्ज प्रधानाध्यापक अपनी खाऊ कमाऊ नीति के चलते प्रदेश की योगी सरकार को बदनाम करने का काम कर रहा है, और यहां नौनिहाल बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ भी किया जा रहा है।
मामले में उप जिलाधिकारी विनय कुमार मिश्रा ने कहा कि, मामला संज्ञान में आया था, नायब तहसीलदार को जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट मिलने पर दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वही मामले में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से दूरभाष पर बात की गई, तो उन्होंने बताया कि, मामला संज्ञान में आया है, जांच कराकर दोषी पाए जाने पर इंचार्ज प्रधानाध्यापक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।




0 टिप्पणियाँ