महराजगंज/रायबरेली: कोतवाली क्षेत्र के गांव राजापुर जमोलिया में पुरानी रंजिश को लेकर 3 दबंगों ने दरवाजे पर जाकर एक महिला के साथ पहले गाली गलौज की, जब उसने विरोध किया, तो लाठी-डंडों से उसे पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। मामले में तहरीर मिलने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पीड़िता को मेडिकल के लिए भेजा है। वहीं अभियुक्तों की तलाश शुरू कर दी गई है।
आपको बता दें कि, पुलिस को दी गई तहरीर में गांव निवासी सुशील कुमार पुत्र तुलसीराम ने आरोप लगाया है कि, उनके गांव के रहने वाले दबंग परिवार के सलीम पुत्र इमाम दीन, राजू पुत्र गरीबे अली तथा सोनू पुत्र अनवर अली जमीनी विवाद को लेकर उससे रंजिश मानते हैं। मंगलवार के दिन उसकी पत्नी प्रेम कुमारी दरवाजे पर कुछ काम कर रही थी, तभी तीनों दबंग लाठी-डंडों से लैस होकर उनके दरवाजे पहुंच गए, और प्रेम कुमारी को भद्दी भद्दी गालियां देने लगे। जब प्रेम कुमारी ने विरोध किया, तो तीनों दबंगों ने उसे बहुत मारा। जिससे उसके पेट, पैर और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। गंभीर रूप से घायल पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए सीएचसी महराजगंज भेजा गया है। मामले में कोतवाल रेखा सिंह का कहना है कि, तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। अभियुक्तों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
0 टिप्पणियाँ