रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: प्रेस क्लब महराजगंज में गुरुवार को 78वें स्वाधीनता दिवस के मौके पर प्रेस क्लब महराजगंज के अध्यक्ष मुकेश श्रीवास्तव ने झंडोत्तोलन किया। इस मौके पर संगठन के पदाधिकारी एवं बड़ी तादाद में होमगार्ड के जवान भी मौजूद रहे।
आपको बता दें कि, प्रेस क्लब महराजगंज के अध्यक्ष मुकेश श्रीवास्तव ने जिले भर के सभी पत्रकारों को स्वाधीनता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि, आज के दिन देश गुलामी की बेड़ियों से बाहर निकला, इसमें स्वतंत्रता सेनानियों के अलावा कई पत्रकारों ने भी अपनी शहादत दी। आज उन महान विभूतियां को नमन् करने का दिन है। देश की तरक्की में पत्रकारों को अपनी जवाब देही निभानी होगी।
उन्होंने कहा कि, इमानदार पत्रकारिता परेशान जरूर हो सकती है, किंतु पराजित नहीं! पत्रकारिता कभी भी एक पक्षीय नहीं होनी चाहिए। रचनात्मक पत्रकारिता हो! इसका सभी पत्रकारों को ध्यान रखना होगा।
संगठन के महामंत्री शिवाकांत अवस्थी ने कहा कि, 15 अगस्त 1947 को भारत के लिए वह ऐतिहासिक दिन है, जब देश को ब्रिटिश राज्य से मुक्ति मिली थी। यह दिन हमें उन स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सम्मान में सिर झुकाने का अवसर देता है, जिन्होंने भारत की आजादी के लिए हंसते-हंसते अपने प्राणों को बलिदान कर दिया था।
युवा पत्रकार अंकुर सिंह ने कहा कि, देश के अनेक वीरों ने अपने प्राणों की बाजी लगाकर हमें यह आजादी दिलाई है। इस आजादी को बरकरार रखने के लिए हर नागरिक को जाति-धर्म से ऊपर उठकर राष्ट्र की रक्षा करनी होगी।
कार्यक्रम का संचालन कर रहे युवा पत्रकार और अधिवक्ता मोनू अवस्थी ने कहा कि, आज के युवा देश के इतिहास से दूर हो रहे हैं, जो चिंतनीय है।
युवा पत्रकार आकाश तिवारी ने कहा कि, आजाद भारत को भ्रष्टाचारियों से बचना होगा। भ्रष्टाचार के खिलाफ हर नागरिक को जंग लड़नी होगी, तभी जाकर विकसित भारत का सपना साकार हो सकता है।
उपाध्यक्ष अतुल तिवारी, दिलीप जायसवाल, मनोज कुमार वर्मा ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि, देश का भविष्य आज के युवा है। जो देश प्रेम से ज्यादा नशे की चपेट में है, यह उनके व देश के भविष्य के लिए ठीक नहीं है।
इस मौके पर प्लाटून कमांडर इंद्रमणि सिंह के नेतृत्व में बड़ी तादाद में होमगार्ड के जवान, प्रेस संगठन के सभी पदाधिकारी समेत नगर के वरिष्ठ नागरिक मौजूद रहे।






0 टिप्पणियाँ